
नई दिल्ली, (शाह टाइम्स)। लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को हुए नुकसान पर शनिवार यानी कि 22 जून 2024 को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को रिपोर्ट सौंपी। भूपेंद्र चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचकर, उन्हें हार की कुछ वजहें बताई हैं। जिसमें भूपेंद्र चौधरी ने उन वजहों का जिक्र जिनकी वजह से यूपी में बीजेपी का प्रदर्शन निराशजनक रहा। उत्तर प्रदेश में बीजेपी को जहां 2019 के चुनाव में 62 सीटों पर जीत मिली थी, वहीं इस बार पार्टी 36 सीटों पर ही सिमट कर रह गई है। बीजेपी ने यूपी में 80 में से 70 सीटें जीतने का टारगेट रखा था, लेकिन 40 से भी कम सीटों पर BJP अपनी जीत हासिल कर पाई हैं। UP में हुए नुकसान की वजह से ही बीजेपी लगातार तीसरी बार बहुमत के आंकड़ें से दूर रह गई। रिपोर्ट सौंपने के बाद भूपेंद्र चौधरी जेपी नड्डा के आवास से निकल गए।
भूपेंद्र चौधरी ने की थी इस्तीफे की पेशकश
UP में BJP के खराब प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए BJP अध्यक्ष के पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि, वह अभी तक इस पद पर बने हुए हैं।






