
फेस्टिवल सीजन में नई कार खरीदने पर प्रमुख वाणिज्यिक और यात्री वाहन कंपनियां त्योहारों से पहले पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के बदले नए वाहनों की खरीद पर 1.5 से 3 फीसदी की छूट देंगी।
New Delhi,(Shah Times)। क्या आप भी इस त्योहारी सीजन में नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, लेकिन डिस्काउंट की तलाश में हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। आपको नई कार पर 3 फीसदी तक की छूट भी मिलेगी। लेकिन उससे पहले आपको केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की एक शर्त पूरी करनी होगी।
जी हां, प्रमुख वाणिज्यिक और यात्री वाहन कंपनियां त्योहारों से पहले पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के बदले नए वाहनों की खरीद पर 1.5 से 3 प्रतिशत की छूट देंगी।
एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को कहा गया कि वाहन निर्माताओं ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक में इस पर सहमति जताई। बयान में कहा गया कि यह पहल देश में संसाधनों के इष्टतम उपयोग (सर्कुलर) अर्थव्यवस्था को गति देने और स्वच्छ, सुरक्षित और अधिक कुशल वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को भारत मंडपम में ऑटोमोबाइल कंपनियों के शीर्ष संगठन सियाम (सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स) के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बयान में कहा गया है कि बातचीत के दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री की सलाह पर सकारात्मक रूप से विचार करते हुए तथा संसाधनों के इष्टतम उपयोग के साथ वाहनों के आधुनिकीकरण और अर्थव्यवस्था के महत्व को स्वीकार करते हुए कई वाणिज्यिक वाहन और यात्री वाहन निर्माताओं ने स्क्रैप सर्टिफिकेट के बदले सीमित अवधि के लिए छूट देने पर सहमति जताई है।
इसमें कहा गया है कि वाणिज्यिक वाहन निर्माता दो साल और यात्री वाहन निर्माता एक साल के लिए छूट देने को तैयार हैं। बयान में कहा गया है कि इस छूट से पुराने वाहनों को कबाड़ में बदलने को बढ़ावा मिलेगा। इससे सड़कों पर सुरक्षित, स्वच्छ और अधिक कुशल वाहन सुनिश्चित होंगे।
बयान में आगे कहा गया है कि मर्सिडीज बेंज इंडिया ने 25,000 रुपये की सीधी छूट की पेशकश की है, जो सभी मौजूदा रियायतों के अतिरिक्त होगी।
बयान के अनुसार मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई मोटर इंडिया, किआ मोटर्स, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर, होंडा कार्स, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर, रेनो इंडिया, निसान इंडिया और स्कोडा वोक्सवैगन इंडिया जैसी यात्री वाहन निर्माता कंपनियां वाहन को कबाड़ में बदलने के बदले नया वाहन लेने पर छूट देंगी।
पिछले छह महीने में कार मालिक द्वारा कबाड़ में डाले गए यात्री वाहन के बदले नई कार पर शोरूम कीमत का 1.5 फीसदी या 20,000 रुपये (जो भी कम हो) की छूट दी जाएगी। टाटा मोटर्स, वोल्वो आयशर, अशोक लीलैंड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, फोर्स मोटर्स जैसी वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनियां 3.5 टन से अधिक वजन वाले वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों के लिए शोरूम कीमत के तीन फीसदी के बराबर छूट देंगी।





