उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी के बीच चमोली जिले में बदरीनाथ के पास माणा में शुक्रवार को हिमस्खलन से 41 मजदूर बर्फ में दब गए हैं।
देहरादून (Shah Times): उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी के बीच चमोली जिले में बदरीनाथ के पास माणा में शुक्रवार को हिमस्खलन से 41 मजदूर बर्फ में दब गए हैं। प्रदेश की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सड़क किनारे बनी झोपड़ियों पर हुए हिमस्खलन से 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए थे। हालांकि, इनमें से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि दबे 41 अन्य मजूदरों को निकालने का कार्य जारी है।
इसकी जानकारी मिलते ही देहरादून में आपदा परिचालन केंद्र में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी पहुंचे थे। सीएम धामी ने आपदा परिचालन केंद्र से जनपद चमोली के माणा गांव के निकट हिमस्खलन घटना की पूरी जानकारी ली है। उन्होंने सभी एजेंसियों को मौके पर तैनात किये जाने के निर्देश जारी किये हैं।
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहां है कि जनपद चमोली में माणा गांव के निकट BRO द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ITBP, BRO और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं।







