
कैंसर से बचाव के लिए अपनी जीवनशैली में अपनाएं यह घरेलू उपाय?

कैंसर आज दुनिया भर में चिंता का विषय बनता जा रहा है। बदलती जीवनशैली, गलत खानपान और तनाव इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सही दिनचर्या और कुछ घरेलू उपाय अपनाकर कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। हालांकि ये उपाय इलाज का विकल्प नहीं हैं, लेकिन बचाव में सहायक जरूर हो सकते हैं।
संतुलित आहार का सेवन करें।
हरी सब्ज़ियाँ, मौसमी फल, साबुत अनाज और दालें शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती हैं। खासकर ब्रोकली, पालक, गाजर, टमाटर और बेरीज जैसे फलों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं।
हल्दी और लहसुन का सेवन करें
भारतीय रसोई में मौजूद हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्व पाया जाता है, जिसे सूजन कम करने वाला माना जाता है। वहीं लहसुन को प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट स्रोत माना जाता है। सीमित मात्रा में इनका नियमित सेवन लाभकारी हो सकता है।
तंबाकू और शराब से दूरी बनाए
चिकित्सकों के अनुसार तंबाकू का सेवन कैंसर का सबसे बड़ा कारण है। सिगरेट, गुटखा या किसी भी रूप में तंबाकू से परहेज करना बेहद जरूरी है। शराब का अत्यधिक सेवन भी कई प्रकार के कैंसर के खतरे को बढ़ाता है।
नियमित व्यायाम और योग करें।
रोजाना कम से कम 30 मिनट टहलना, योग या हल्का व्यायाम करना शरीर को सक्रिय रखता है। योग और प्राणायाम तनाव कम करने में सहायक हैं, जो कैंसर के जोखिम को घटाने में अप्रत्यक्ष भूमिका निभाते हैं।
पर्याप्त नींद लें
पूरी नींद न लेना और लगातार तनाव में रहना शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करता है। ध्यान (मेडिटेशन), संगीत और सकारात्मक सोच तनाव को कम करने में मदद कर सकती है।
नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।
घरेलू उपायों के साथ-साथ समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना भी जरूरी है। किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से परामर्श लें।






