22 से 24 अक्टूबर तक चला रूहानी आयोजन, चादरपोशी, कुरआनख़्वानी, महफ़िल-ए-समां और लंगर में उमड़े अकीदतमंद
📍ख़तौली, मुज़फ्फरनगर🗓️ 24 Oct 2026 ✍️ Asif Khan
ख़तौली शरीफ़ स्थित दरगाह हज़रत फ़ैरुल्लाह शाह क़ुद्दूसी चिश्ती साबरी रहमतुल्लाह अलैह में 49वाँ सालाना उर्स मुबारक अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक चले इस 3 दिवसीय आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से बड़ी तादाद में अकीदतमंद पहुँचे। आयोजकों के मुताबिक़, उर्स में हज़ारों लोगों ने शिरकत कर बुज़ुर्गाने दीन को ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया।
उर्स की तमाम रस्में सज्जादानशीन हज़रत हाशिम मियां चिश्ती साबरी की सरपरस्ती में अदा की गईं। इस दौरान चादरपोशी, कुरआनख़्वानी, मिलाद शरीफ़ और महफ़िल-ए-समां का एहतमाम किया गया। अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाज़िरी देकर दुआएँ मांगीं और बुज़ुर्गाने दीन की तालीमात को याद किया।
https://www.instagram.com/reel/De9mpiVTcrt/?xtok=NTlha2tzZHZyY2Ji
सालाना उर्स में अमरोहा, गजरौला, मेरठ, हापुड़, सिकंदराबाद, गाजियाबाद, लोनी, बागपत, बुलंदशहर, बुढ़ाना, सरधना और शामली सहित कई इलाकों से अकीदतमंद पहुँचे।
आयोजन के दौरान महफ़िल-ए-समां में रूहानी कलाम पेश किए गए। वहीं, लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
इस मौक़े पर हज़रत शाह मख़दूम आलम क़ुद्दूसी, नायब सज्जादानशीन दरगाह क़ुतुब-ए-आलम गंगोह शरीफ़, हज़रत ख़्वाजा इसरार फरीदी, ख़्वाजा मुनीर फरीदी, ख़्वाजा रफ़ाक़त फरीदी, ख़्वाजा एहसान फरीदी साहब रजबपुर, मौलाना ख़लील अहमद साबरी, सज्जादानशीन हापुड़, सूफ़ी तालिब हुसैन साबरी, सज्जादानशीन हापुड़ और आस मोहम्मद साबरी, सज्जादानशीन तिल शरीफ़ की मौजूदगी रही।
उर्स के दौरान बुज़ुर्गाने दीन की तालीमात पर अमल करने और समाज में अमन, मोहब्बत तथा आपसी सौहार्द को मज़बूत बनाने पर ज़ोर दिया गया।
अकीदतमंदों ने इंसानियत की ख़िदमत, भाईचारे और आपसी एहतराम को सूफ़ी परंपरा का अहम हिस्सा बताया।
49वें सालाना उर्स मुबारक का आयोजन हाजी अकरम क़ुद्दूसी साबरी की ओर से किया गया। 3 दिवसीय आयोजन का समापन अमन, इंसानियत और भाईचारे के पैग़ाम के साथ हुआ।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।