आगरा,(Shah Times) । उत्तर प्रदेश में आगरा के थाना न्यू आगरा की लायर्स कालोनी में कर्ज से तंग एक बिजनेसमैन ने आज इतवार को अपने बेटे और बुजुर्ग मां का मर्डर कर खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।सुबह नौकरानी के घर पहुंचने पर वारदात का पता चला।
खबर पर पुलिस पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में व्यापारी का मौत से पहले का एक वीडियो मिला, जिसमें उसने वारदात की वजह बताई है।
लॉयर्स कॉलोनी निवासी तरुण प्रताप सिंह उर्फ जॉली (45) का पाइप का कारोबार था। बताया गया है कि उसकी पत्नी रजनी खाटू श्याम दर्शन के लिए गई हुई थी। घर में जॉली के अलावा उसकी बुजुर्ग मां ब्रजेश देवी (65 वर्ष) और 12 साल का बेटा कुशाग्र चौहान था। सुबह रोज की तरह जब उसके घर पर नौकरानी काम करने पहुंची तो घर के सारे दरवाजे खुले हुए थे। उसने जॉली का शव फंदे पर लटके देखा। ये देख नौकरानी चीखती हुई कमरे की ओर दौड़ी तो वहां 12 वर्षीय कुशाग्र और बुजुर्ग महिला ब्रजेश देवी की लाश पड़ी हुई थी।
शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर आ गए। सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से व्यापारी का मोबाइल फोन मिला, जिसमें एक वीडियो है। इस वीडियो में उसने कहा है कि उसे व्यापार में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वह कर्ज से परेशान है, इसलिए सबको मार दिया। जॉली के पिता मान सिंह की कुछ माह पहले मौत हो गई थी। उसके पिता अधिवक्ता थे।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि तरुण ने आत्महत्या की और उससे पहले उसने अपनी मां और बेटे को मार दिया। वारदात को अंजाम देने से पूर्व उसने अपना एक स्वीकारोक्ति वीडियो भी बनाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तरुण के पिता की कोविड के दौरान मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद तरुण परेशान रहता था। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। पिता के समय से ही उन पर कर्ज हो गया था। वह शराब का आदी हो गया था। तरुण ने आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में उसने कर्ज की बात बताकर कहा, “ मैं जानता हूं कि मैं बहुत गलत फैसला ले रहा हूं, लेकिन इसके अलावा मेरे पास को चारा नहीं है।”
बताया गया है कि तरुण की शादी 15 वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी रजनी पास के सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली अपनी नंद गुंजन के साथ शनिवार को खाटू श्याम मंदिर चली गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि तरुण शनिवार से ही बाहर नहीं निकला था। पत्नी के जाने के बाद क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि उसने शनिवार की रात को ही ये आत्मघाती कदम उठाया होगा।
रविवार सुबह जब उसके घर में काम करने वाली नौकरानी पहुंची, तब लोगों को इसकी जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। पुलिस को मौके पर सिगरेट के खाली खोखे भी मिले हैं।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।