अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा की। जानिए यात्रा से जुड़ी प्रमुख बातें।
उत्तराखण्ड, (Shah Times)। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर आज श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की विश्वविख्यात चारधाम यात्रा 2025 का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
राज्य के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लिया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा कर चारधाम यात्रा की सफलता, देश-प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में स्वयं पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री बने। इस ऐतिहासिक अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया गया।
गंगोत्री और यमुनोत्री में हुआ धार्मिक अनुष्ठान:
प्राचीन परंपरा के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची और पूर्वाह्न 10:30 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। वहीं मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां पूर्वाह्न 11:55 बजे विधिविधान से कपाट खोले गए।
देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा और यमुना में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया और अखंड ज्योति के दर्शन किए।
मुख्यमंत्री ने किया धामों में शीश नवाया:
श्री गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने मां गंगा और यमुना के दर्शन किए, विशेष पूजा-अर्चना की और लोकदेवताओं की डोलियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम विश्वभर में आस्था के प्रतीक हैं और सरकार श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है।
चारधाम यात्रा के लिए विशेष तैयारियां:
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक प्रबंध किए हैं। यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाएं और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से "ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा" को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
प्रमुख गणमान्यजन रहे मौजूद:
गंगोत्री धाम में विधायक सुरेश चौहान, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी एवं मंदिर समिति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।