5 मई तक भारत के 15+ राज्यों में भारी बारिश, बिजली, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान का अलर्ट। दिल्ली-UP में 10 मौतें, फ्लाइटें प्रभावित। जानिए विस्तृत मौसम पूर्वानुमान।
नई दिल्ली,(Shah Times)। मई का महीना शुरू होते ही भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और मध्य भारत तक, बारिश, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का कहर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 5 मई 2025 तक कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में 7 मई तक एक और मौसम प्रणाली सक्रिय रहेगी।
राजधानी दिल्ली में गुरुवार देर रात से ही तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। सुबह 5 बजे के आसपास तेज हवाओं ने रफ्तार पकड़ी, जिससे द्वारका के खारखड़ी नहर गांव में एक नीम का पेड़ एक ट्यूबवेल रूम पर गिर गया। इस हादसे में एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।
दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। तेज हवाओं के कारण 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं, जिनमें से 3 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मथुरा, गाजियाबाद, आगरा, बुलंदशहर सहित 15 शहरों में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज हुई हैं। मथुरा में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे दुकानें, घर और अस्पताल जलमग्न हो गए।
छत्तीसगढ़ में रायपुर समेत कई इलाकों में 70–74 किमी/घंटा की रफ्तार से आई आंधी ने तबाही मचाई। बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, पाली, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ समेत राजस्थान के 30 जिलों में धूल भरी आंधी और बारिश का असर देखा गया। कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 5 मई तक चेतावनी जारी की है।
पिछले 6 दिनों से मध्यप्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में चक्रवाती सर्कुलेशन के चलते मौसम बदला हुआ है। डिंडौरी, बालाघाट, सतना, उज्जैन समेत 25 से अधिक जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की घटनाएं हुईं।
बिहार के पटना, गया, भागलपुर, समस्तीपुर समेत 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिजली गिरने, आंधी और भारी बारिश की संभावना 7 मई तक बनी रहेगी।
झारखंड में लातेहार और रामगढ़ में बिजली गिरने से 2 लोगों की जान चली गई। राज्य में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।
अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय और असम में भारी बारिश, बिजली और तेज हवाओं का दौर जारी है। 5 मई तक यहां मौसम अस्थिर रहेगा।
हरियाणा के फरीदाबाद, हिसार, रेवाड़ी, सिरसा में तेज हवाएं और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। फरीदाबाद में NHPC अंडरपास में पानी भरने से एक कार डूब गई। वहीं पंजाब के कई जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे बिजली के खंभे और पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं।
स्काईमेट के मुताबिक, 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके असर से अगले 3 दिनों तक मौसम उत्तरी भारत में सक्रिय बना रहेगा। 7 मई तक गरज, चमक और बारिश का दौर बना रहेगा।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।