Indian Idol 12 के विजेता पवनदीप राजन का एक भीषण कार एक्सीडेंट हुआ है। हादसे में उनके दोनों हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। पवनदीप की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें नोएडा रेफर किया गया है। जानें पूरी खबर।
टीवी इंडस्ट्री से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। इंडियन आइडल 12 के विनर पवनदीप राजन का गंभीर कार एक्सीडेंट हो गया है। ये हादसा उत्तराखंड से दिल्ली आते समय गजरौला के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, पवनदीप की कार रात करीब 2:30 बजे हाईवे पर एक खड़े कैंटर में जा टकराई। हादसे में पवनदीप के दोनों हाथ और पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवनदीप राजन अपने दोस्तों के साथ चंपावत से दिल्ली की ओर यात्रा कर रहे थे। जैसे ही उनकी कार गजरौला इलाके में पहुंची, सीओ कार्यालय के सामने एक कट पर खड़े कैंटर में कार पीछे से जा घुसी। बताया जा रहा है कि ड्राइवर की आंख झपकने के कारण यह हादसा हुआ।


हादसे के वक्त पवनदीप की कार में उनके दो साथी भी मौजूद थे, जिन्हें भी चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद सभी को नोएडा के लिए रेफर कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर अस्पताल के अंदर से एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें पवनदीप को गंभीर हालत में बेड पर लेटा हुआ देखा जा सकता है। प्रशंसक इस खबर से स्तब्ध हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
पवनदीप राजन ने इंडियन आइडल 12 जीतकर देशभर में नाम कमाया था। उत्तराखंड के मूल निवासी पवनदीप को उनकी सुरीली आवाज़ और सादगी के लिए जाना जाता है। उत्तराखंड सरकार ने उन्हें राज्य का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया था।
इस दुर्घटना की खबर जैसे ही सामने आई, फैंस और सेलेब्रिटीज सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर #PrayForPawandeep ट्रेंड कर रहा है।
पवनदीप राजन का यह हादसा इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका है। हम प्रार्थना करते हैं कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों और फिर से उसी ऊर्जा के साथ लौटें, जैसा उन्होंने इंडियन आइडल में दिखाया था।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।