सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भारतीय सुखोई विमानों का वीडियो भ्रामक निकला। जांच में सामने आया कि यह वायरल वीडियो पांच साल पुराना रूसी सैन्य अभ्यास का है।
नई दिल्ली (शाह टाइम्स) जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर से बढ़ गया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो तेजी से हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय वायुसेना के सुखोई लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तानी हवाई सीमा में घुसकर अपनी ताकत दिखाई है। लेकिन सच्चाई कुछ और ही है।
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 'प्रदीप तिवारी टीवी जर्नलिस्ट' नामक एक अकाउंट से यह वीडियो पोस्ट किया गया। पोस्ट में लिखा गया,
"भारतीय सुखोई विमानों ने सफलतापूर्वक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर सिंध तट पर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। पाकिस्तान की ओर से कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की गई है। सैन्य गतिविधियां तेज होने से क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है। जय जवान जय किसान।"
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और वीडियो को हजारों बार देखा व शेयर किया गया।
क्या सच में भारतीय विमान घुसे थे पाकिस्तान में?
इस दावे की सच्चाई जानने के लिए सजग टीम ने वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से खोजा। जांच में सामने आया कि यह वीडियो पांच साल पुराना है और इसका भारत या पाकिस्तान से कोई लेना-देना नहीं है। यह फुटेज दरअसल रूसी वायुसेना के सैन्य अभ्यास का है और इसे स्पुतनिक मीडियाबैंक वेबसाइट पर पहले से अपलोड किया गया था।
दावा है गलत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो भ्रामक और पुराना है। भारतीय सुखोई विमानों के पाकिस्तान में घुसने का दावा गलत है। यह वीडियो रूस के सैन्य अभ्यास का है और वर्तमान भारत-पाक तनाव से इसका कोई संबंध नहीं है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि किसी भी वायरल वीडियो पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।