उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में आज सुबह एयरोट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताया।
Dehradun,(Shah Times)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगनानी क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया, जिसमें एयरोट्रांस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड का VT-OXF रजिस्ट्रेशन नंबर वाला हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड से चारधाम यात्रा पर निकला था और खरसाली होते हुए हर्षिल की ओर जा रहा था।
दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार सात में से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही SDRF, उत्तरकाशंड पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं।
हेलीकॉप्टर कहां जा रहा था?
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह सहस्रधारा हेलीपैड से यमुनोत्री के लिए श्रद्धालुओं को लेकर रवाना हुआ था। खरसाली हेलीपैड पर रुकने के बाद यह गंगोत्री के हर्षिल हेलीपैड की ओर जा रहा था। उसी दौरान उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में यह हेलीकॉप्टर लगभग 200-250 मीटर गहरी खाई में गिर गया।







पायलट समेत 7 लोग थे सवार:
SDRF द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन रॉबिन सिंह समेत कुल 7 लोग सवार थे। मृतकों की शिनाख्त का कार्य जारी है। दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाइयों के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक:
इस दुखद हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहा:
"उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर रवाना की गई हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति और उनके परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों को हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।"
रेस्क्यू अभियान की जानकारी:
सुबह 8:50 बजे SDRF को हादसे की सूचना मिली। पोस्ट भटवाड़ी और उजेली से SDRF की दो टीमें घटनास्थल पर भेजी गईं। SDRF टीम ने घटनास्थल पर बेस बनाकर खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीमों ने हेलीकॉप्टर का मलबा खाई में पाया और शवों को निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
चारधाम यात्रा के दौरान हुआ यह हादसा न केवल उत्तराखंड प्रशासन बल्कि पूरे देश के लिए दुखद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या मौसम की खराबी के कारण।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।