यमुनोत्री धाम में अब श्रद्धालुओं को महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किया गया 'मां यमुना भोग प्रसाद' मिलेगा। यह पहल न केवल शुद्धता की गारंटी है, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम है।
चिरंजीव सेमवाल
उत्तरकाशी, (Shah Times) । चारधाम यात्रा के पवित्र पड़ाव यमुनोत्री धाम में इस वर्ष एक नई पहल की गई है। अब यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किया गया ‘मां यमुना भोग प्रसाद’ प्राप्त होगा। इस प्रसाद की लॉन्चिंग धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर की गई, जिसमें ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को केंद्र में रखा गया।
यह विशेष प्रसाद मां यमुना ग्राम संगठन व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा विशुद्ध स्थानीय सामग्रियों से तैयार किया गया है। यह पहल न केवल तीर्थयात्रियों को शुद्ध और सात्विक प्रसाद उपलब्ध कराएगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए रोज़गार और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी बनेगी।
मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी एस. एल. सेमवाल, उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला, बड़कोट के एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी प्रकाश पंवार, मंदिर समिति के पदाधिकारी, NRLM व REAP के प्रतिनिधि, एवं लोकगायिका डॉ. रेशमा शाह इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने महिला समूहों द्वारा बनाए गए इस प्रसाद की सराहना की और इसे एक समाज-हितैषी नवाचार बताया।
आउटलेट्स से होगी बिक्री, तीर्थ यात्रियों को मिलेगा स्थानीय स्वाद
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और स्थानीय उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए विशेष बिक्री केंद्र (Outlets) स्थापित किए गए हैं। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के मुख्य पड़ावों पर इन आउटलेट्स की स्थापना मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर की गई है।
यहां महिला समूहों द्वारा निर्मित प्रसाद और अन्य उत्पाद श्रद्धालुओं को उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को बाज़ार मिलेगा और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी।
इस पहल से जहां एक ओर धार्मिक आस्था में स्थानीयता की मिठास जुड़ी है, वहीं दूसरी ओर उत्तरकाशी की ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।