मुजफ्फरनगर में पहलगाम आतंकी हमले के बाद रेलवे स्टेशन व प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। संदिग्धों की चेकिंग, डॉग स्क्वायड और सुरक्षा दल तैनात।
मुजफ्फरनगर (शाह टाइम्स) जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुई आतंकी घटना के मद्देनज़र पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों से हालात युद्ध जैसी स्थिति में बने हुए हैं। केंद्र और राज्य स्तर पर उच्च अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कई सुरक्षा उपाय लागू किए हैं।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है। जिले के प्रमुख प्रतिष्ठानों, रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गहन चेकिंग की जा रही है।
आज सुबह से ही मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बैग, बोरी, सूटकेस और अन्य सामान की जांच की जा रही है। इस अभियान में डॉग स्क्वायड और टी सपोर्ट टीम जैसे विशेष दल भी शामिल किए गए हैं, जो पूरी सतर्कता के साथ जांच प्रक्रिया को अंजाम दे रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और स्थिति सामान्य होने तक सतर्कता बनी रहेगी। जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।