मुंबई(शाह टाइम्स) बॉम्बे हाईकोर्ट ने पिछले साल पनवेल फार्महाउस के पास सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को शुक्रवार को जमानत दे दी है
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लंबे समय से जान से मारने की धमकियां आ रही हैं। इस मामले में बिश्नोई गिरोह के 18 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वहीं, अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने पिछले साल पनवेल फार्महाउस के पास सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को शुक्रवार को जमानत दे दी। कथित तौर पर यह साजिश जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने रची थी।
नहीं मिला कोई सबूत
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जस्टिस एनआर बोरकर ने 6 फरवरी, 2025 को गौरव भाटिया उर्फ संदीप बिश्नोई और वासपी महमूद खान उर्फ वसीम चिकना को अपर्याप्त सबूतों के चलते जमानत दे दी थी। कोर्ट ने पाया कि कथित हत्या की साजिश पर चर्चा करने वाले व्हाट्सएप ग्रुप में उनकी मौजूदगी के अलावा, दोनों के अपराध से जुड़े कोई महत्वपूर्ण सबूत नहीं थे। अदालत ने आगे कहा, "इसके अलावा, उनके खिलाफ कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।" यहां तक कि व्हाट्सएप चैट भी स्पष्ट नहीं है।
आरोपियों पर लगाए गये थे आरोप
बता दें कि इन दोनों लोगों पर अन्य संदिग्धों के साथ मिलकर साल 2024 में सलमान खान के पनवेल फार्महाउस, उनके बांद्रा स्थित आवास और पिछले साल कई फिल्म शूटिंग लोकेशन की रेकी करने का आरोप है। जांच के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 18 सदस्यों के खिलाफ सलमान खान की हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया था।
सलमान खान के घर पर हुई थी फायरिंग
बता दें कि 14 अप्रैल 2024 को मुंबई के बांद्रा में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो युवकों ने फायरिंग की और फरार हो गए। हमलावरों ने लॉरेंस गैंग के निर्देश पर इस घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद आरोपियों को पकड़ लिया गया। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और सलमान खान के दोस्त बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावरों ने बाबा सिद्दीकी की हत्या से पहले सलमान खान को मारने की योजना बनाई थी।
सलमान खान का वर्कफ्रंट सलमान खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो भाईजान फिल्म किक 2 में नजर आएंगे। साजिद नाडियाडवाला द्वारा निर्देशित किक 2014 में रिलीज हुई थी। इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी, रणदीप हुड्डा और जैकलीन फर्नांडीज भी थे। फिलहाल सलमान खान एआर मुरुगादॉस द्वारा निर्देशित सिकंदर की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म अगली ईद पर रिलीज होने वाली है।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।