मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वक्फ संशोधन विधेयक को पारदर्शिता, न्याय और सुशासन की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करेगा और वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर रोक लगाएगा।
देहरादून,(Shah Times)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वक्फ संशोधन विधेयक के लोकसभा और राज्यसभा में पारित होने पर इसे ऐतिहासिक और न्यायिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश में पारदर्शिता, कानूनी स्पष्टता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की भावना को और मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन और न्यायिक प्रणाली को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता लाने, अवैध दावों पर रोक लगाने और संपत्ति विवादों का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विधेयक लाया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कानून किसी एक समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। विधेयक के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग न हो और उनका उपयोग समाज के व्यापक हित में हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विधेयक झूठे और अवैध दावों पर रोक लगाएगा, जिससे भूमि एवं संपत्ति से जुड़े विवादों का न्यायसंगत समाधान हो सकेगा। यह विधेयक ना केवल न्यायिक प्रणाली को मजबूती देगा, बल्कि समाज में समरसता और विश्वास को भी बढ़ावा देगा।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।