पटना,(Shah Times)।बिहार में महागठबंधन को छोड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता जोड़े अभी नीतीश कुमार को एक माह भी नहीं हुआ है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आज कहा कि उनका दरवाजा हमेशा खुला रहता है, यदि नितीश कुमार फिर वापस आते हैं तो वह देखेंगे ।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से शुक्रवार को वैशाली के पातेपुर जाने के दौरान पत्रकारों ने जब नीतीश कुमार के पाला बदलने को लेकर सवाल किया तब उन्होंने कहा कि उनकी तो यह आदत है, अब हम उनको क्या बोलें। पाला बदल लिए तो बदल लिए,लेकिन हम ऐसा नहीं सोचे थे ।
इसके बाद जब पत्रकारों ने लालू यादव से सवाल किया कि नीतीश कुमार वापस आएंगे तो क्या फिर उन्हें मौका देंगे, तब उन्होंने कहा कि जब वह आयेंगे तब देखेंगे । उन्होंने क्या नीतीश कुमार के लिए दरवाजा खुला है के जवाब में कहा,"हमारा दरवाजा खुला ही रहता है।"
लालू यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में कोई कमी नहीं है वह प्रधानमंत्री बन सकते हैं । राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने किसान आंदोलन के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि उनका पूर्ण समर्थन किसान आंदोलन को है।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।