सीएम योगी ने नगर विकास की समीक्षा बैठक में ई-बस, स्मार्ट नगरपालिका, वेस्ट पार्क और म्युनिसिपल बॉण्ड पर विकास योजनाओं के दिए निर्देश।
लखनऊ, (Shah Times)।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास पर नगर विकास विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर शहरी विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की। बैठक में नगरीय परिवहन, स्मार्ट नगरपालिका, स्वच्छता, वेस्ट मैनेजमेंट और नागरिक सेवाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
ई-बसों को मिलेगी और रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 15 शहरों में 700 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं, जिससे पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 साल से अधिक पुरानी डीजल या CNG बसों का संचालन पूरी तरह बंद हो और उन्हें स्क्रैप किया जाए। इसके स्थान पर आधुनिक ई-बसें लाई जाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि निजी ई-बस ऑपरेटरों को भी अवसर दिया जाए, लेकिन इनका किराया नियंत्रित हो, रूट और पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था हो और ये आसपास के कस्बों से भी कनेक्ट हों।
पार्किंग और होर्डिंग्स पर सख्ती
बैठक में मुख्यमंत्री ने शहरों में पार्किंग की बढ़ती समस्या को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्किंग को मांग, स्थान और समय के अनुसार व्यवस्थित किया जाए। मासिक पास प्रणाली को लागू करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि पार्किंग के नाम पर कहीं भी अवैध वसूली न हो।
विज्ञापन होर्डिंग्स को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। खतरनाक और अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए गए और इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड को प्राथमिकता देने की बात कही गई। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी विज्ञापन किसी महापुरुष की प्रतिमा या चित्र को विकृत न करे।
स्मार्ट नगरपालिका का विजन
राज्य सरकार की योजना सभी जिला मुख्यालयों को 'स्मार्ट नगरपालिका परिषद' में बदलने की है। इसके तहत डिजिटल गवर्नेंस, स्मार्ट पार्किंग, स्मार्ट लाइटिंग, जल और वायु प्रदूषण की निगरानी, डिजिटल लाइब्रेरी, वेंडिंग ज़ोन, ऑडिटोरियम और नवीकरणीय ऊर्जा प्रकल्पों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए बजट भी आवंटित किया गया है।
वेस्ट मैटेरियल से बने पार्क होंगे आकर्षण का केन्द्र
प्रयागराज में वेस्ट मैटेरियल से बने ‘शिवालिक पार्क’ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मथुरा-वृंदावन में 'कृष्ण लोक पार्क', और अयोध्या में 'लव कुश पार्क' व 'श्रीपुरुषोत्तम दर्शन केन्द्र' की स्थापना की जाए। इन स्थानों पर भगवान राम, कृष्ण और लव-कुश के जीवन से जुड़ी कथाओं को 3D मॉडल और लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से दर्शाया जाए।
नगर निकायों की आय बढ़ाने पर फोकस
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नगर निगमों में मैनपावर की कमी न हो। जहां पद रिक्त हैं वहां भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। साथ ही, म्युनिसिपल बॉण्ड के माध्यम से फंड जुटाने पर जोर दिया गया। लखनऊ, गाजियाबाद और आगरा के बाद इस माह वाराणसी और प्रयागराज से म्युनिसिपल बॉण्ड जारी किया जाएगा, जबकि गोरखपुर, मेरठ और कानपुर की तैयारी शुरू की जाए।
मानसून से पहले ड्रेनेज और स्ट्रीट डॉग की समस्या का समाधान जरूरी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बरसात से पहले ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाए ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही, स्ट्रीट डॉग के काटने की घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान तैयार करने के आदेश भी दिए।
Shah Times Reporter
शाह टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता। स्थानीय, राजनीतिक, अपराध, शिक्षा एवं सामाजिक विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग।