
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की चौथी महिला CM के तौर पर ली शपथ, PM मोदी-NDA के बड़े नेता रहे मौजूद
नई दिल्ली (Shah Times): रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। उन्होंने रामलीला मैदान में पद की शपथ ली। यह पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि बीजेपी 27 साल बाद राजधानी में सत्ता में वापस लौटी है। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं।
इन मंत्रियों ने ली शपथ
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।
हरियाणा में जन्म, 2007 में पार्षद
रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था। 1976 में उनका परिवार दिल्ली आ गया, जहां उनकी पूरी शिक्षा हुई। रेखा राजनीति में बचपन से ही रुचि रखने लगीं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छात्र संगठन ABVP से जुड़ गईं।
छात्रसंघ की अध्यक्ष रही हैं
दिल्ली विश्वविद्यालय में वे छात्रसंघ की अध्यक्ष बनीं. इसके बाद उन्होंने भाजपा में विभिन्न पदों पर काम किया। रेखा 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
2007 में बनी पार्षद
2007 में रेखा उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं। इसके बाद 2007-09 में एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की 2 साल तक अध्यक्ष रहीं। वह 2009 में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं। रेखा गुप्ता को 2010 में भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।
पहली बार विधायक बनते ही बनी सीएम
रेखा गुप्ता भी केजरीवाल की तरह हरियाणा मूल की हैं और वह भजनलाल शर्मा की तरह पहली बार विधायक बनते ही CM बन गईं।
रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी की सुरक्षा
दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है। गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने जेड श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है। इसके अलावा रेखा गुप्ता के घर की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। शपथ लेते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी सुरक्षा मिल जाएगी। इसमें 2 PSO राउंड द क्लॉक और 1 एस्कॉर्ट गाड़ी जिसमें सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, तैनात रहेंगे। रेखा गुप्ता के घर पर फ्रंट पर 4 पुलिसकर्मी, बैंक साइड पर 4 पुलिसकर्मी और 2 कमांडो मौजूद रहेंगे।
25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी थे तैनात
रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 15 से अधिक कंपनियां तैनात की गई थी। पुलिस के मुताबिक, कमांडो, त्वरित प्रतिक्रिया दल, पीसीआर वैन और स्वाट टीमों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है, जबकि स्नाइपर्स को पास की ऊंची इमारतों पर तैनात किया गया है।
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने की शिरकत
दिल्ली में आम आदमी पार्टी से सांसद स्वाति मालीवाल ने भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की। उन्होंने रेखा गुप्ता को सीएम बनने की बधाई दी।
कई राज्यों के डिप्टी सीएम पहुंचे रामलीला मैदान
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केपी मौर्य, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और अन्य नेता दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे।
6 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
- प्रवेश वर्मा
- आशीष सूद
- मनजिंदर सिंह सिरसा
- रविंद्र इन्द्राज
- कपिल मिश्रा
- पंकज सिंह
धीरेंद्र शास्त्री ने भेजीं शुभकामनाएं
जिन्हें यह पद मिला है, उन्हें शुभकामनाएं। सबसे पहले यमुना नदी साफ होनी चाहिए। रिहायशी इलाकों का कूड़ा साफ होना चाहिए। दिल्ली का कूड़ा जमीन और मन से साफ होना चाहिए। हर दिन हम सुनते हैं कि दिल्ली असुरक्षित है। हम चाहते हैं कि वहां ऐसी सरकार चले कि दिल्ली में लोग डर के साथ नहीं बल्कि भावनाओं में जीएं।
रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा ने एक दूसरे को दी बधाई
रामलीला मैदान में कुछ देर में दिल्ली की नई मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने जा रहा है। इससे पहले रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा ने एक दूसरे को बधाई दी। प्रवेश वर्मा भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।
कभी नहीं सोचा था CM बनूंगी: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता ने कहा कि यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी हाईकमान का मुझमें विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करती हूं। मेरी पहली प्राथमिकता उन सभी वादों को पूरा करने की होगी, जो वादे हमारी पार्टी ने किए हैं। दूसरी प्राथमिकता ये है कि हमारे सभी 48 विधायक टीम मोदी की तरह काम करेंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री बनूंगी। पिछली आम आदमी पार्टी की भ्रष्ट सरकार को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा।
पवन कल्याण और पीएम के बीच मंच पर हुआ संवाद
पीएम मोदी- पवन क्या हिमालय जाने की तैयारी है?
पवन कल्याण- नहीं पीएम सर अभी इसमें वक्त है।