
रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। उन्होंने रामलीला मैदान में पद की शपथ ली।
नई दिल्ली (Shah Times): रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। उन्होंने रामलीला मैदान में पद की शपथ ली। यह पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि बीजेपी 27 साल बाद राजधानी में सत्ता में वापस लौटी है। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं।
इन मंत्रियों ने ली शपथ
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।

हरियाणा में जन्म, 2007 में पार्षद
रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था। 1976 में उनका परिवार दिल्ली आ गया, जहां उनकी पूरी शिक्षा हुई। रेखा राजनीति में बचपन से ही रुचि रखने लगीं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छात्र संगठन ABVP से जुड़ गईं।
छात्रसंघ की अध्यक्ष रही हैं
दिल्ली विश्वविद्यालय में वे छात्रसंघ की अध्यक्ष बनीं. इसके बाद उन्होंने भाजपा में विभिन्न पदों पर काम किया। रेखा 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
2007 में बनी पार्षद
2007 में रेखा उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं। इसके बाद 2007-09 में एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की 2 साल तक अध्यक्ष रहीं। वह 2009 में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं। रेखा गुप्ता को 2010 में भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।
पहली बार विधायक बनते ही बनी सीएम
रेखा गुप्ता भी केजरीवाल की तरह हरियाणा मूल की हैं और वह भजनलाल शर्मा की तरह पहली बार विधायक बनते ही CM बन गईं।