राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश से भीषण गर्मी से राहत

Oplus_0

दिल्ली में पिछले साल मानसून 26 जून को आया था जबकि 2022 में 30 जून को मानसून की पहली बारिश हुई थी।

New Delhi, (Shah Times) । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली में जून के महीने में अब तक भीषण लू के नौ दिन दर्ज किए गए, जबकि 2023 और 2022 में एक भी दिन ऐसी स्थिति नहीं बनी।

मौसम का पूर्वानुमान व्यक्त करने वाली निजी एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर सर्विसेज’ ने बुधवार को कहा था कि इस सप्ताह के अंत तक मानसून दिल्ली पहुंच सकता है, जिससे लोगों को मौजूदा उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

‘स्काईमेट वेदर सर्विसेज’ के महेश पलावत ने कहा, ”दिल्ली में मानसून 29 या 30 जून को दस्तक दे सकता है।”

मानसून आमतौर पर 27 से 29 जून के बीच राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करता है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में पिछले साल मानसून 26 जून को आया था जबकि 2022 में 30 जून को मानसून की पहली बारिश हुई थी।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में बृहस्पतिवार को भारी बारिश होने के कारण खाली पड़े एक भूखंड की दीवार गिर गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”हम इस मामले की जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि दीवार ढहने के समय आसपास कोई नहीं था।”

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह भारी बारिश हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here