
Former Maharashtra CM Uddhav Thackeray criticized BJP's 'Saaugaat-e-Modi' event, accusing them of abandoning Hindutva. He questioned why BJP called it 'jihad' when Muslims voted for them, but is now distributing gifts to Muslims.
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के सौगात-ए-मोदी कार्यक्रम पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने हिंदुत्व छोड़ दिया है। ठाकरे ने सवाल उठाया कि जब मुसलमानों ने हमें वोट दिया तो इसे जिहाद कहा गया, अब बीजेपी खुद मुस्लिमों को सौगात बांट रही है।
मुंबई (शाह टाइम्स) महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर करारा हमला बोला है। ठाकरे ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘सौगात-ए-मोदी’ कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी पहले हिंदुत्व का नारा देती थी, अब वही सत्ता के लिए मुस्लिम समुदाय को सौगात बांट रही है।
मुस्लिम वोट को जिहाद कहने वाले अब सौगात बांट रहे: ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा, “जब मुसलमानों ने हमें वोट दिया था, तब इसे जिहाद कहा गया था। अब बीजेपी खुद ईद के मौके पर ‘सौगात-ए-मोदी’ कार्यक्रम चला रही है। 32 लाख बीजेपी कार्यकर्ता 32 लाख मुस्लिम घरों में तोहफा बांटने जा रहे हैं। यह हिंदुत्व नहीं, यह सिर्फ सत्ता की भूख है।
‘हिंदुत्व छोड़ने का ऐलान करे बीजेपी’
ठाकरे ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि अगर अब उनकी राजनीति बदल चुकी है तो उन्हें आधिकारिक रूप से यह घोषणा कर देनी चाहिए कि उन्होंने हिंदुत्व को त्याग दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर आप सच में हिंदुत्व के ठेकेदार थे, तो पहले अपने झंडे से हरा रंग हटा दीजिए।
‘अब हिंदुओं के मंगलसूत्र की रक्षा कौन करेगा?’
ठाकरे ने सवाल किया कि अब बीजेपी की हिंदुत्व नीति कहां गई? उन्होंने कहा, “हमें हिंदुत्व छोड़ने का आरोप देने वाले खुद अब सत्ता के लिए नतमस्तक हो रहे हैं। अब हिंदुओं के मंगलसूत्र की रक्षा कौन करेगा? बीजेपी सिर्फ चुनावों तक हिंदुत्व की राजनीति करेगी या इसे पूरी तरह छोड़ चुकी है?”
मुंबई में ‘सौगात-ए-मोदी’ कार्यक्रम पर बवाल
उद्धव ठाकरे ने यह बयान उस समय दिया जब मुंबई में अंजुमन शान-ए-इस्लाम उर्दू स्कूल, दुर्गामाता गली, साकीनाका में बीजेपी का ‘सौगात-ए-मोदी’ कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में मुंबई बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष वसीम आर. खान ने 500 जरूरतमंद मुसलमानों को ईद किट बांटी, जिसमें ईद से जुड़ी आवश्यक चीजें थीं।
‘बजट सत्र सिर्फ नाकामियों को छिपाने के लिए था’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने राज्य सरकार के हाल ही में खत्म हुए बजट सत्र को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “इस बजट में जनता को निराश करने के अलावा कुछ नहीं था। यह सत्र सिर्फ सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए बुलाया गया था।”
राजनीति में बढ़ता मुस्लिम वोट बैंक का प्रभाव?
उद्धव ठाकरे के इस बयान से साफ है कि महाराष्ट्र की राजनीति में मुस्लिम वोट बैंक अब बड़ा मुद्दा बन चुका है। बीजेपी जहां ‘सौगात-ए-मोदी’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए अल्पसंख्यक समुदाय को साधने की कोशिश कर रही है, वहीं ठाकरे इसे बीजेपी की दोहरी नीति बता रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनावों से पहले इस मुद्दे पर राजनीति और गरमाने की संभावना है।





