
मुजफ्फरनगर/नदीम सिद्दीकी(Shah Times)। भाजपा नेता के उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला वकील ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में महिला वकील को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के बयान लेने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
सिविल लाइस थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी महिला वकील का आरोप है कि 10 साल पहले छपार थाना क्षेत्र का एक भाजपा नेता उसके संपर्क में आया था। शादी का झांसा देकर वो उसके साथ यौन उत्पीड़न करने लगा। आरोप है कि जब-जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। आरोपी के उत्पीड़न से तंग आकर पीडिता ने शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया।
परिजनों ने महिला वकील को गंभीर हालत में गांधी कॉलोनी स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। पीड़िता के बयान लेने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। थाना सिविल लाइंस पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
महिला वकील ने तीसरी बार किया सुसाइड का प्रयास
नर्सिंग होम में भर्ती पीड़िता ने बताया कि उसने यौन उत्पीड़न से परेशान होकर तीसरी बार जहर खाकर सुसाइड का प्रयास किया है।
महिला वकील का कहना है कि आरोपी प्रदेश में बसपा, सपा और भाजपा की सरकार आने पर दल बदलता रहता है। जिसकी भी सरकार आती है वो उसी मे चला जाता है। आरोप है कि विरोध करने पर वह उसके अधिवक्ता भाई को मारने की धमकी भी देता है। पीड़िता की मां ने भी इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।